राजस्थान में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई,60 लाख रुपये के मादक पदार्थ जब्त,9 आरोपी गिरफ्तार

Jaipur Rajasthan

राजस्थान में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एक ही दिन में की गई चार अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 60 लाख रुपये की कीमत के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं और कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार के मुताबिक, यह कार्रवाई राज्य के भीतर ही नहीं बल्कि राज्य की सीमाओं के बाहर तक फैले नेटवर्क के खिलाफ की गई है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) के साथ संयुक्त अभियान में झारखंड से लाई जा रही मादक पदार्थों की खेप को पकड़ा गया।

इस अभियान के तहत एक ट्रक और एक कार से बड़ी मात्रा में डोडा-चूरा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही नकदी और वाहन भी जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा जालौर में 27 किलोग्राम डोडा-चूरा, भीलवाड़ा में 850 ग्राम अफीम और जयपुर में 12 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इन तीनों मामलों में कुल 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

विकास कुमार ने बताया कि तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीमों ने कई राज्यों में समन्वय बनाकर काम किया और तकनीकी व जमीनी स्तर पर निगरानी रखी। उन्होंने कहा कि ANTF भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखेगी।

ANTF ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।