प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राज्य ‘केरल’ का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब राष्ट्रपति की अनुशंसा के बाद ‘केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026’ को संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत केरल विधानसभा के विचार के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद संसद में इसे पेश करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। केरल विधानसभा पहले ही जून 2024 में राज्य का नाम उसकी मलयालम पहचान के अनुरूप ‘केरलम’ करने का प्रस्ताव पारित कर चुकी है।
इसी बैठक में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव के बड़े विस्तार को भी मंजूरी दी है। लगभग 1,677 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से कश्मीर घाटी में विमानन अवसंरचना और कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
करीब 73 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले नए टर्मिनल की क्षमता पीक आवर्स में लगभग 2,900 यात्रियों और सालाना एक करोड़ यात्रियों को संभालने की होगी। परियोजना में मल्टी-लेवल कार पार्किंग, अतिरिक्त विमान पार्किंग बे और सुरक्षा बलों के लिए बैरक निर्माण भी शामिल है। सरकार का कहना है कि इस विस्तार से पर्यटन, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा तथा कश्मीर को वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में और मजबूती मिलेगी।

