मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर हमला बोला,कहा-पहलगाम हमले पर नहीं हुई प्रतिक्रिया

Front-Page Jaipur Rajasthan

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को पहलगाम आतंकी हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। खड़गे ने कहा कि यह देश की दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि जब देश के स्वाभिमान को गंभीर धक्का लगा, उस समय प्रधानमंत्री मोदी बिहार में चुनावी भाषण दे रहे थे।

खड़गे ने आरोप लगाया कि जब सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी, जिसमें सभी दलों के नेता मौजूद थे, तब प्रधानमंत्री मोदी उस बैठक में अनुपस्थित रहे। उन्होंने सवाल किया, “क्या बिहार दूर था? पीएम मोदी अगर बैठक में आते, तो योजना प्रस्तुत करते और बताते कि हमें मदद किस प्रकार चाहिए।”

यह बयान खड़गे ने जयपुर के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ को संबोधित करते हुए दिया। इस मौके पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई वरिष्ठ नेता खड़गे के साथ थे।

रैली के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे राजस्थान के कांग्रेस नेताओं के साथ तीन महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठनात्मक मुद्दों पर फीडबैक लिया जाएगा और साथ ही जिलों को नए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।