राजस्थान:पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी को गोपनीय सूचनाएँ भेजने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Jaipur Rajasthan

राजस्थान इंटेलिजेंस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में झबराराम नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जयपुर की एसीजेएम अदालत में पेश किया है। अदालत ने उसे पाँच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

विशेष लोक अभियोजक सुदेश सत्वान के अनुसार, प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से संवेदनशील और गोपनीय जानकारियाँ पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी तक पहुँचा रहा था। जाँच एजेंसियों का कहना है कि वह तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों के ज़रिये पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था, जिनमें एक वर्चुअल नंबर भी शामिल है।

इंटेलिजेंस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने अपने व्हाट्सएप अकाउंट का एक्सेस भी पाकिस्तानी एजेंसी को दे रखा था। वह सेना के इलाके में पानी का टैंकर चलाने का काम करता था और इसी दौरान सैन्य गतिविधियों, सुरक्षा प्रतिष्ठानों और अन्य रणनीतिक सूचनाओं के लीक होने की आशंका जताई जा रही है।

जाँच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को यूपीआई के ज़रिये भुगतान किया जाता था। उसके मोबाइल फोन से लेन-देन से जुड़े कुछ स्क्रीनशॉट भी बरामद किए गए हैं। एजेंसियों का आरोप है कि झबराराम ने पैसों के लालच और हनीट्रैप के ज़रिये सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियाँ साझा कीं।

जैसलमेर ज़िले के नेडान क्षेत्र का रहने वाला यह आरोपी हाल के दिनों में संदिग्ध गतिविधियों के कारण निगरानी में था। इंटेलिजेंस का कहना है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी उसने सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा की थी। मामले की आगे की जाँच जारी है।