मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला गया एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ। टीम इंडिया ने दूसरी पारी में 143 ओवर तक टिककर बल्लेबाज़ी की और 4 विकेट पर 425 रन बनाकर मैच को हार से बचा लिया।
दूसरी पारी में कप्तान शुभमन गिल (104), रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने शतक जड़े, जबकि ओपनर केएल राहुल ने 90 रन की अहम पारी खेली। इससे पहले भारत ने पहली पारी में 358 रन बनाए थे, जबकि इंग्लैंड ने जवाब में 669 रन बनाकर 311 रन की बढ़त हासिल की थी।
इंग्लैंड को सीरीज़ में 2-1 की बढ़त
यह टेस्ट मैच ड्रॉ रहने के बावजूद इंग्लैंड अब पांच मैचों की सीरीज़ में 2-1 की बढ़त बनाए हुए है। सीरीज़ का अंतिम और निर्णायक टेस्ट 31 जुलाई से लंदन के द ओवल मैदान में खेला जाएगा। इस मैच को जीतकर इंग्लैंड सीरीज़ अपने नाम कर सकता है, वहीं भारत अगर मुकाबला जीतता है तो वह लगातार दूसरी बार इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज़ ड्रॉ करा लेगा।
गिल ने रचा इतिहास
शुभमन गिल ने इस सीरीज़ में चौथा शतक लगाकर डॉन ब्रैडमैन और सुनील गावस्कर के एक सीरीज़ में 4 शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। वे बतौर कप्तान डेब्यू टेस्ट सीरीज़ में 4 शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले ब्रैडमैन, कोहली और स्मिथ जैसे दिग्गजों ने डेब्यू सीरीज़ में 3-3 शतक लगाए थे।
जडेजा का ऑलराउंड रिकॉर्ड
रवींद्र जडेजा ने इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन पूरे कर लिए हैं। इसके अलावा वे यहां 34 विकेट भी ले चुके हैं। वे विदेशी पिचों पर यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे क्रिकेटर बने हैं। उनसे पहले इंग्लैंड के बिल रोड्स और वेस्टइंडीज के गैरी सोबर्स ऐसा कर चुके हैं।
इंग्लैंड का प्रदर्शन
इंग्लैंड की ओर से जो रूट ने 150 और कप्तान बेन स्टोक्स ने 141 रन बनाए। इसके अलावा डकेट ने 94, क्रॉली ने 84 और ओली पोप ने 71 रन बनाए। गेंदबाज़ी में स्टोक्स ने 5 विकेट और जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट लिए।
भारत की पहली पारी में साई सुदर्शन (61), यशस्वी जायसवाल (58) और ऋषभ पंत (54) ने उपयोगी पारियां खेली थीं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अंशुल कम्बोज।
इंग्लैंड: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ, लियम डॉसन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स।

