जयपुर:आर्मी डे के अवसर पर जयपुर सैन्य शक्ति और शौर्य का साक्षी बना। शहर के भवानी निकेतन में भारतीय सेना की ओर से आयोजित भव्य सैन्य उपकरण प्रदर्शनी और लाइव डेमो ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों को आकर्षित किया। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने हिस्सा लिया और इसे राजस्थानवासियों के लिए गर्व का क्षण बताया।
प्रदर्शनी के दौरान सेना के जवानों ने साहसिक अभियानों और अत्याधुनिक सैन्य तकनीक का प्रदर्शन किया। आतंकवादियों से बंधकों को छुड़ाने का लाइव अभ्यास और हेलीकॉप्टर के ज़रिए किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
कार्यक्रम में नारी शक्ति और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ ‘साइक्लिंग फॉर द नेशन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और देशसेवा के भाव को मजबूत करना रहा।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि देश में पहली बार छावनी क्षेत्र से बाहर आम नागरिकों के लिए आर्मी डे परेड का आयोजन जयपुर में होना, सेना और समाज के बीच मजबूत रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वह स्वयं एक आर्मी परिवार से आती हैं और उनके पिता ने भारतीय सेना में सेवाएं दी हैं।
उन्होंने कहा, “आज मैं यहां केवल उपमुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक आर्मी फैमिली के सदस्य के रूप में खड़ी हूं। सेना का शौर्य और बलिदान हर नागरिक के लिए प्रेरणा है।”
कार्यक्रम में युवाओं को सेना में भर्ती, करियर और प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी भी दी गई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आम लोग इसमें शामिल हुए।
इस अवसर पर दक्षिण-पश्चिमी कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एच.एस. वंद्रा और कर्नल सोफिया कुरैशी समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।

