जोधपुर, 4 सितम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जोधपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस बार प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है तथा किसान खुश है। हमने सभी मंत्रियों को अपने प्रभार वाले क्षेत्र एवं विधायक को अपने-अपने क्षेत्र में अतिवृष्टि प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया है। सभी मंत्री एवं विधायक 5 से 7 सितम्बर तक अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्र एवं बचाव-राहत कार्यों का जायजा लेंगे। हमारी सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए तत्पर है।
मुख्यमंत्री ने आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस के विधायकों को भी जनप्रतिनिधि की भूमिका निभाते हुए प्रभावित लोगों के बीच जाना चाहिए। लेकिन कांग्रेस के लोग जनता के बीच में जाते नहीं हैं। उनका काम सिर्फ बखेड़ा करना होता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा जनता के मुद्दों को उठाने और उनके समाधान के लिए होती है। लेकिन कांग्रेस सिर्फ वोट की राजनीति करती है। कांग्रेस ने कभी भी किसान, मजदूर, महिला और युवा के मुद्दे नहीं उठाए। वो सस्ती लोकप्रियता के चक्कर में रहते हैं। इसलिए कांग्रेस को देश और प्रदेश की जनता ने नकार दिया है।
शर्मा ने पेपरलीक के सवाल पर कहा कि कांग्रेस के कारनामे आप सभी को दिख रहे हैं। हमनें 15 दिसंबर, 2023 को सरकार के गठन के साथ ही, 16 दिसंबर को एसआईटी गठित की। हम किसी को भी छोड़ने वाले नहीं हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के पीएसओ तक पुलिस पहुंच गई है। हमारी जांच जारी रहेगी और हर एक दोषी को निश्चित रूप से दंड मिलेगा। हम किसी भी कीमत पर बख्शने वाले नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी केंद्र व राज्य की सरकार गरीब को गणेश मानते हुए जनता के हितों को लेकर काम कर रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, मजदूर, उद्योग एवं व्यापार की आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए जीएसटी में सुधार का ऐतिहासिक फैसला हुआ है। व्यक्ति की सबसे बड़ी आवश्यकता रोटी, कपड़ा और मकान तीनों में राहत देने का काम किया गया है।

