रामगंजमंडी–चेचट दौरे पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला बोल—सेवा की भावना को आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी

Kota Rajasthan

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र कोटा के रामगंजमंडी–चेचट क्षेत्र का दौरा किया। चेचट में ॐ श्री श्री गुर्जर समाज विकास समिति द्वारा आयोजित छात्रावास भवन के शिलान्यास समारोह में बिरला ने कहा कि भगवान देवनारायण जी की प्रेरणा से शुरू की गई यह पहल दूरदराज़ गांवों से आने वाले बेटों–बेटियों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और सेवा की भावना को आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी, सिंचाई, पेयजल और बिजली जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से विकास को नई गति मिल रही है, जिसका लाभ शिक्षा और रोजगार दोनों क्षेत्रों में दिखेगा।

बैरवा दिवस एवं महर्षि बालीनाथ जयंती समारोह

इसके पश्चात रामगंजमंडी में श्री बाबा रामदेव बैरवा समाज उत्थान समिति द्वारा आयोजित बैरवा दिवस एवं संत शिरोमणि महर्षि बालीनाथ जी जयंती समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ने महर्षि बालीनाथ जी के तप, सेवा और आध्यात्मिक चेतना से समाज को आत्मसम्मान और लोककल्याण का मार्ग दिखाने वाले योगदान को स्मरण किया। साथ ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय को सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और अवसर पहुँचने से ही वास्तविक विकास संभव है।

धाकड़ समाज का शपथ ग्रहण व प्रतिभा सम्मान

लोकसभा अध्यक्ष रामगंजमंडी में श्री आदर्श धाकड़ विकास समिति के शपथ ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भगवान श्री धरणीधर के आशीर्वाद से धाकड़ समाज ने अन्नदाता के रूप में परिश्रम, ईमानदारी और नवाचार के बल पर देश को खाद्य आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई है। आधुनिक तकनीक के साथ खेती को अपनाने से किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि और मजबूत होगी। समारोह में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान को उन्होंने भावी पीढ़ी में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाने वाला बताया तथा नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।