जैसलमेर, 14 अक्टूबर 2025 —
राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार दोपहर एक एसी स्लीपर बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्री जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से कूद पड़े। हादसे में तीन बच्चों और चार महिलाओं समेत 16 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
घटना जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर थईयात गांव के पास दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। नगर परिषद के असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्णपाल सिंह राठौड़ के अनुसार, हादसे में 10 से 12 लोगों की जलकर मौत होने की आशंका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं कई फीट ऊंचाई तक उठता देखा गया।
सूचना मिलते ही ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। दमकल विभाग और पुलिस टीम ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। झुलसे यात्रियों को तीन एंबुलेंस के जरिये जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल ले जाया गया, जहां से सभी को हालत गंभीर होने पर जोधपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के इंजन या एसी यूनिट से शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

