जयपुर, 2 सितंबर।
तेजा दशमी के अवसर पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने मंगलवार को राजस्थान के चार जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की। बेनीवाल हेलीकॉप्टर से पहुंचे और चूरू, डीडवाना-कुचामन, अजमेर और नागौर जिलों के तेजाजी मेलों व मंदिर कार्यक्रमों को संबोधित किया।
सांसद ने कहा कि वीर तेजाजी ने गौ रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया और उनके आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि तेजा दशमी जैसे अवसरों पर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एक जाजम पर बैठकर सामाजिक मुद्दों पर विचार करना चाहिए।
अपने संबोधन में बेनीवाल ने राजनीतिक मुद्दों पर भी निशाना साधा। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर केवल वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता के असली हितों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने कहा कि आरएलपी ने मेहनतकश युवाओं के हितों की लड़ाई लड़ी है और एसआई भर्ती रद्द होना उसी संघर्ष का नतीजा है। साथ ही उन्होंने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के पुनर्गठन की मांग को दोहराया।
बेनीवाल ने घोषणा की कि नागौर जिले के खरनाल में तेजाजी का भव्य मंदिर बनाने का उनका सपना है और इसके लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने दावा किया कि तेजाजी के आशीर्वाद से 2028 में राजस्थान की राजनीति में बड़ा बदलाव होगा और RLP मजबूती से जनता की आवाज बनेगी।
तेजाजी मेलों में उमड़ी भीड़ को उन्होंने सामाजिक जागृति का प्रतीक बताते हुए कहा कि तेजाजी सदियों से किसानों और आमजन के आराध्य रहे हैं और आज भी हर वर्ग में उनके प्रति अटूट आस्था है।

