बिहार के दरभंगा में 27 अगस्त को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ की गई टिप्पणी पर विवाद बढ़ गया है। घटना के सातवें दिन मंगलवार को पीएम मोदी ने वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान इस पर प्रतिक्रिया दी।
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के मंच से उनकी मां को गालियां दी गईं, जो केवल उनकी मां का ही नहीं बल्कि पूरे देश की माताओं-बहनों का अपमान है। भाषण के दौरान वे कई बार भावुक हो गए। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल भी उनकी बात सुनते हुए रो पड़े।
पीएम मोदी ने कहा, “मैं गरीब परिवार से हूं। हर दिन देश के लिए काम किया है। इसमें मेरी मां का बड़ा आशीर्वाद रहा। लेकिन कांग्रेस और आरजेडी के नेताओं ने मेरी मां को राजनीति में घसीटा। ये नामदार लोग मां की पीड़ा को नहीं समझ सकते।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत में मां का स्थान देवताओं से ऊपर माना जाता है और बिहार की संस्कृति भी यही संदेश देती है। पीएम ने लोगों से अपील की कि इस अपमान का जवाब दिया जाना चाहिए।
NDA ने बुलाया बिहार बंद
इस बयान के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने 4 सितंबर को एनडीए की ओर से बिहार बंद का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान दुकानें और सड़कें बंद रहेंगी, हालांकि आपातकालीन सेवाएं और रेल परिचालन जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बयान
कार्यक्रम में पीएम के संबोधन से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने महिला सशक्तिकरण पर शुरू से जोर दिया है। उन्होंने बताया कि 2006 में जीविका नाम से स्वयं सहायता समूह की शुरुआत की गई थी, जिसे अब और मजबूती दी जा रही है।

