जोधपुर में शुक्रवार से शुरू होगा ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत करेंगे शुभारंभ

Jodhpur Rajasthan

फिट इंडिया मूवमेंट को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का होगा प्रयास

जोधपुर, 28 अगस्त: केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत जिला क्रीड़ा संगम गोशाला मैदान में शुक्रवार सांय 4.30 बजे ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ का शुभारंभ सॉफ्ट लांचिंग करेंगे। इस खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि जगाना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना और समाज में स्पोर्टिंग कल्चर को मजबूती देना है। खेल प्रतियोगिताओं के जरिए अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, यह आयोजन केवल खेल तक सीमित न रहकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट को जमीनी स्तर तक ले जाने का भी माध्यम बनेगा।

इस दौरान खिलाड़ियों को ओपन प्रतियोगिताओं के जरिये अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। पारंपरिक मोहल्ला खेलों को शामिल कर नई पीढ़ी को भारतीय खेल संस्कृति और विरासत से जोड़ने की पहल की गई है। प्रतियोगिताएं ग्राम, ब्लॉक और वार्ड स्तर से शुरू होकर जोधपुर संसदीय क्षेत्र स्तर पर फाइनल मुकाबलों तक पहुंचेंगी। इसमें जोधपुर शहर, जिला, फलोदी और पोकरण के युवा बड़ी संख्या में भाग लेंगे। महोत्सव में स्थानीय, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पूर्व और वर्तमान खिलाड़ियों की मौजूदगी आयोजन को और भव्य बनाएगी। प्रतियोगिताएं कई दिनों तक चलेंगी और खिलाड़ियों का पंजीकरण 29 अगस्त से प्रारंभ होगा।
महोत्सव का सॉफ्ट लॉन्च 29 अगस्त को होगा, इसके बाद 21 सितम्बर से 25 दिसम्बर 2025 तक जिलेभर में प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी।

खास बात यह है कि यह आयोजन केवल जोधपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के संसदीय क्षेत्रों में एक साथ इसकी शुरुआत की जा रही है। इसके लिए डिजिटल डैशबोर्ड और टेम्पलेट्स तैयार किए गए हैं, जिससे प्रतिभागी और आमजन विस्तृत जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। जोधपुर इस महोत्सव के जरिए फिट इंडिया कार्निवल का केंद्र बनने जा रहा है। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे।

तीन स्तरीय संरचना और प्रधानमंत्री का संबोधन

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन तीन स्तरों—गाँव, ब्लॉक/वार्ड और संसदीय क्षेत्र—पर किया जाएगा। इसका समापन सभी संसदीय क्षेत्रों में एक साथ भव्य समारोह के रूप में होगा, जिसे माननीय प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
जिले के युवाओं और समुदाय से आह्वान है कि वे सक्रिय रूप से भाग लेकर सांसद खेल महोत्सव को एक जनआंदोलन का स्वरूप दें तथा फिटनेस और खेल को जीवन का हिस्सा बनाएं। महोत्सव में भाग लेने के लिए https://sansadkhelmahotsav.in/ पर रजिस्ट्रेशन करें ।