शिव में बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय भवन को मंजूरी;2025–26 बजट में 2 करोड़ स्वीकृत,विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने CM व मंत्री का आभार जताया

Rajasthan Rajasthan-Others

शिव क्षेत्र के पशुपालन ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट घोषणा 2024-25 के अंतर्गत क्रमोन्नत बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय योजना के तहत शिव में पशु चिकित्सालय भवन निर्माण हेतु 200 लाख रुपए की राशि सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के बाद शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने मुख्यमंत्री एवं पशुपालन मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया है। विधायक भाटी ने कहा कि यह निर्णय न केवल शिव क्षेत्र के पशुपालकों के लिए राहत लेकर आएगा बल्कि पशुधन विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा।

विधायक भाटी ने बताया कि नए भवन के निर्माण से चिकित्सकीय सुविधाओं में आधुनिकता आएगी, आपातकालीन सेवाएँ बेहतर होंगी, और पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने इस स्वीकृति को शिव क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

इस फैसले से क्षेत्र के हजारों पशुपालकों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से बेहतर पशु स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे थे। शिव में यह नया बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालन आधारित आजीविका के लिए एक अहम आधार बनेगा।