कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर कोटा में “नमो टॉय बैंक” की स्थापना होगी। इस प्रकल्प के माध्यम से समाज के वंचित और जरूरतमंद बच्चों तक वह मुस्कान पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा, जिसे संसाधनों की कमी ने दबा दिया था। मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शहर के शिक्षाविदों, कोचिंग- विद्यालयों के प्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों के साथ संवाद किया। बैठक में उन्होंने ‘जॉय ऑफ गिविंग’ की भावना को समाज में विशेषकर बच्चों के माध्यम से विकसित करने को लेकर टॉय बैंक की स्थापना की घोषणा की।
बच्चों द्वारा बच्चों के लिए सेवा-प्रकल्प
‘नमो टॉय बैंक’ बच्चों द्वारा बच्चों के लिए संचालित होगा। विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इसमें न केवल खिलौनों का संग्रहण करेंगे और टॉय बैंक में जमा करेंगे। इसके बाद उनकी छंटाई, सफाई, मरम्मत के बाद वचिंत परिवारों के बच्चों को इसका वितरण किया जाएगा। इससे बच्चों में सेवा, नेतृत्व और संवेदनशीलता जैसे मानवीय मूल्य विकसित होंगे।
बचपन में खुशियां लौटाने का प्रयास
स्पीकर बिरला ने कहा कि जनसहयोग के माध्यम से भी बच्चों के लिए खिलौनों की व्यवस्था संभव है, लेकिन जब यह प्रकल्प बच्चों के माध्यम से संचालित होगा, तो उन्हें न केवल प्रेरणा मिलेगी, बल्कि वे खिलौनों के साथ-साथ उन बच्चों तक खुशियाँ भी बाँटेंगे जो संसाधनों से वंचित हैं, पर खुशियों के उतने ही हकदार हैं जितने अन्य बच्चे।
पार्क को गोद लें विद्यालय
स्पीकर बिरला ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय अपने आसपास के किसी पार्क या सार्वजनिक स्थान को गोद लें और उसमें पौधारोपण करे। उन्होंने कहा कि बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना, उसे संरक्षित रखने की ज़िम्मेदारी देना और विद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से इस अभियान को हरियाली के जनांदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। इस दौरान पूर्व महापौर महेश विजय, करियर पॉइंट के निदेशक ओम माहेश्वरी, मोशन के संचालन नितिन विजय, प्राइवेट स्कूल संचालक वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष संजय शर्मा सहित आदि मौजूद रहे।

