जोधपुर में पत्रकारों का राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू,गज सिंह बोले– निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा से समाज को दिशा देना जरूरी

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर। सूर्यनगरी जोधपुर में इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) का 131वां राष्ट्रीय अधिवेशन शुक्रवार को माहेश्वरी भवन में शुरू हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व महाराजा गज सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पत्रकारिता को निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा के साथ समाज को सही दिशा देने का कार्य करना होगा।

इस अधिवेशन में देशभर के 15 राज्यों से आए 600 से अधिक पत्रकार शामिल हुए। उद्घाटन सत्र के बाद प्रदेश इकाई की बैठक में पत्रकारों की समस्याओं और संगठन की भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी 28 अक्टूबर को होने वाले स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों पर भी विचार हुआ।

पूर्व महाराजा गज सिंह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं और उनके सामने चुनौतियां भी बड़ी हैं। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों द्वारा राजस्थानी साफा पहनने पर खुशी जताई और संगठन की एकजुटता की सराहना की।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य में पत्रकारों को और अधिक सशक्त और संगठित होने की आवश्यकता है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार आयशा खानम ने पत्रकारों की एकता पर बल देते हुए अगले अधिवेशन को कर्नाटक में आयोजित करने का सुझाव दिया।

आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय महासचिव मनवीर सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि यह अधिवेशन सिर्फ संवाद का मंच नहीं, बल्कि पत्रकारिता की चुनौतियों और संभावनाओं पर मंथन का अवसर है।

इस अवसर पर देशभर से आए पत्रकारों का राजस्थानी परंपरा अनुसार साफा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महापौर कुंती देवड़ा, समाजसेवी संदीप काबरा और कई वरिष्ठ पत्रकार व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

अधिवेशन का समापन समारोह शनिवार शाम को होगा, जिसमें केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।