जोधपुर, 15 मार्च: नगर निगम जोधपुर के कुड़ी भगतासनी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक रविवार को पंचायत समिति लूणी के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने की।
बैठक में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, राजस्थान आवासन मंडल, डिस्कॉम, नगर निगम और राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जोगाराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम करें।
बैठक में आवासन मंडल के अधिकारियों को नामांतरण से जुड़ी लंबित फाइलों की जानकारी तीन दिन में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कम्युनिटी हॉल, पार्क और स्ट्रीट लाइट के रखरखाव तथा आवासन मंडल की कॉलोनियों को नगर निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।
मंत्री ने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग को कुड़ी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टरों और अन्य कॉलोनियों में जलापूर्ति की स्थिति का सर्वे करने और जलाशयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रामेश्वर नगर, जनता कॉलोनी और राजीव गांधी सेवा बस्ती में जलापूर्ति सुचारू करने तथा विवेक विहार में अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में उपखंड अधिकारी (दक्षिण) पंकज जैन, तहसीलदार कुड़ी नरेन्द्र चौहान, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र मेहता, नगर निगम की अधिशासी अभियंता शिल्पा जोशी, आवासन मंडल के अधिशासी अभियंता राजेन्द्र व्यास, दिनेश सिंह, चन्द्रलाल खावा, गिरवर सिंह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

