NEET विवाद:CJP ने सरकार की बातचीत की पेशकश ठुकराई,जंतर-मंतर पर ही वार्ता की मांग

Front-Page National

नई दिल्ली: NEET-UG 2026 परीक्षा से जुड़े विवाद को लेकर जारी प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सरकार की बातचीत की पेशकश ठुकरा दी है। पार्टी के प्रवक्ता और प्रदर्शनकारी नेता सौरव दास ने कहा कि सरकार यदि बातचीत करना चाहती है तो उसे जंतर-मंतर या उसके आसपास किसी तटस्थ स्थान पर आना चाहिए।

सौरव दास ने कहा कि सरकार की ओर से निजी आवास पर बातचीत का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी केवल औपचारिक बातचीत नहीं, बल्कि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई का भरोसा चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि आंदोलन समाप्त करने के लिए पार्टी की तीन प्रमुख मांगें हैं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, NEET विवाद से जुड़े कथित मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग शामिल है।

सौरव दास ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की हिंसा आंदोलन के उद्देश्य को नुकसान पहुंचा सकती है और लोकतांत्रिक विरोध शांतिपूर्ण होना चाहिए।

इस बीच, CJP का प्रदर्शन बुधवार को 33वें दिन भी जारी रहा। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया।

इधर, केंद्र सरकार ने दिल्ली में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान एक आरएएफ (RAF) जवान पर कथित हमले और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ के मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

उधर, अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि देश को उनकी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आंदोलन आगे भी शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।

सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध फिलहाल बना हुआ है और बातचीत के प्रारूप को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग रुख सामने आए हैं।