NEET UG 2025 का रिजल्ट जारी,राजस्थान के महेश केसवानी टॉपर

Front-Page National Youth

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शनिवार को NEET UG 2025 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के महेश केसवानी ने टॉप किया है। उन्हें कुल 720 में से 686 अंक मिले हैं।

मध्यप्रदेश के इंदौर के उत्कर्ष अवधिया को दूसरी और महाराष्ट्र के कृषांग जोशी को तीसरी रैंक मिली है। टॉप 10 में सिर्फ एक लड़की शामिल है—दिल्ली की अविका अग्रवाल, जिन्हें फीमेल कैटेगरी में पहला स्थान मिला है।

यह परीक्षा 4 मई को आयोजित हुई थी, जिसमें कुल 20.08 लाख छात्र शामिल हुए थे। इनमें से 11.23 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है।

75 छात्रों का रिजल्ट रोका गया

इंदौर के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने वाले 75 छात्रों ने मौसम संबंधी व्यवधान के चलते परीक्षा प्रभावित होने की शिकायत की थी। इन याचिकाओं पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने 9 जून को सुनवाई की और निर्देश दिया कि NTA इन 75 छात्रों को छोड़कर बाकी सभी उम्मीदवारों का रिजल्ट जारी कर सकता है। इन छात्रों का रिजल्ट बाद में जारी किया जाएगा और अंतिम मेरिट लिस्ट उसी के बाद तैयार होगी।

उम्मीदवार अपना रिजल्ट exam.nta.ac.in/NEET या neet.ntaonline.in पर लॉग इन कर देख सकते हैं।