मध्यप्रदेश के धार में अपने 75वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान पर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, जिसका जवाब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से दिया। पीएम ने कहा, “ये नया भारत है, जो घर में घुसकर मारता है और किसी भी परमाणु धमकी से डरता नहीं। हमारे जवानों ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।”
46 मिनट के संबोधन में प्रधानमंत्री ने स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर दुकान पर बोर्ड लगे- “गर्व से कहो, ये स्वदेशी है।” पीएम ने लोगों से नारा भी लगवाया और कहा कि देशवासियों को वही सामान खरीदना और बेचना चाहिए जो भारत में बना हो।
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखी और राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा के तहत एक क्लिक पर राशि ट्रांसफर की। उन्होंने खुली जीप में लोगों का अभिवादन भी किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य जांच शिविर का अवलोकन किया और नौ महीने की बच्ची जाश्वी वर्मा को गोद में लेकर दुलार किया। जाश्वी को कैंप में टीकाकरण और विटामिन A की खुराक दी जा रही थी। पीएम ने कहा कि मां भारती की आन-बान-शान से बड़ा कुछ नहीं, और हर नागरिक का जीवन देश के लिए समर्पित होना चाहिए।

