सांसदीय कार्य मंत्री और जिला कलक्टर ने सांगरिया में किया ड्रेनेज निरीक्षण,पटेल बोले– सीवरेज जल की त्वरित निकासी होगी सुनिश्चित

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर,14 सितंबर। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने रविवार को ग्राम पंचायत सांगरिया में सालावास मुख्य ड्रेनेज के क्षतिग्रस्त होने के कारण गांव में सीवरेज के गंदे पानी की निकासी के लिए के ड्रेनेज का जायजा लिया।
पटेल ने कहा सीवरेज के पानी की त्वरित निकास सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा अस्थाई एवं त्वरित समाधान के लिए हेलीपेड सर्किल से कुड़ी नाले में पाइप लाइन के माध्यम से आवश्यक संसाधन लगाकर गंदे पानी की शीघ्र निकासी कर आमजन को राहत प्रदान करें। उन्होंने सांगरिया की भावी आवश्यकता को ध्यान में रखकर हेलीपेड सर्किल से चामुंडा मंदिर होते हुए सिंघवी टेंट हाउस तक 2.5 किलोमीटर की 1200 एमएम की नवीन सीवरेज लाइन के लिए डीपीआर बनाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा सांगरिया में वर्तमान सीवरेज लाइन ज़िगजैग आकर और कम क्षमता की है, जिससे बारिश में ओवरफ्लो से कॉलोनियों में गंदा पानी फैल जाता है। इस विषय को ध्यान में रखकर निगम के अधिकारी नवीन ड्रैनेज के लिए प्लान तैयार करें।
संसदीय कार्य मंत्री ने नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी के साथ वैकल्पिक निकास के लिए हेलीपेड सर्किल एवं अन्य पॉइंट्स का मौका देखकर भावी कार्य योजना बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत सांगरिया के सभागार में जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाओं सुनी और अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान सरपंच सांगरिया तेजाराम चौधरी, अधिशाषी अभियंता (नगर निगम) सुनील व्यास, दिनेश राजपुरोहित, रावतराम बिंजारिया सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।