कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति, आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया और राजनीतिक भाषा को लेकर तीखा हमला बोला है।
दिल्ली में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए खेड़ा ने कहा कि “देश को अब तक यह नहीं बताया गया है कि पाकिस्तान के साथ किस शर्त पर सीज़फायर समझौता हुआ है।” उन्होंने सरकार से यह भी पूछा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकियों को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया।
खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर व्यंग्य करते हुए कहा, “कभी वह प्रेम चोपड़ा की तरह, तो कभी परेश रावल की तरह डायलॉग मारते हैं। ‘सिंदूर मेरी रगों में बहता है’, ‘गोलियां खाओ, रोटियां खाओ’ जैसी बातें गंभीर नेता की नहीं हो सकतीं।”
तीन मुख्य आरोप
1. “मोदी सरकार की विदेश नीति पूरी तरह विफल”
पवन खेड़ा ने कहा कि भारत की विदेश नीति के कारण पड़ोसी देश भी साथ नहीं खड़े हो पा रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि “नेपाल और भूटान जैसे परंपरागत सहयोगी भी दूर हो गए हैं, जबकि चीन खुलकर पाकिस्तान का समर्थन कर रहा है।”
खेड़ा ने यह भी कहा कि “कुवैत और UAE ने पाकिस्तान को वीजा और लेबर ट्रीटी की छूट दी है, वहीं ईरान ने पाकिस्तान को आतंकियों को शरण देने वाला देश करार दिया है, लेकिन भारत के ट्रोल्स ईरान पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं।”
2. “विदेश नीति ट्रोल्स तय कर रहे हैं”
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि “सरकार की विदेश नीति ट्रोल्स के प्रभाव में है। कभी वे कराची पर कब्ज़े की बात करते हैं, तो कभी इस्लामाबाद पर हमला करने की।”
खेड़ा ने कहा, “आज हालत ये है कि प्रधानमंत्री खुद ट्रोलर्स की भाषा बोलने लगे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।”
3. “विपक्ष देश का पक्ष रख रहा, भाजपा सांसद ओछी राजनीति कर रहे”
खेड़ा ने कहा कि जब सरकार को यह समझ आया कि भारत वैश्विक स्तर पर अलग-थलग पड़ रहा है, तब उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं को विदेशी दौरे पर भेजा।
उन्होंने दावा किया, “विदेशों में विपक्ष भारत का पक्ष मजबूती से रख रहा है, जबकि भाजपा के सांसद देश में ज़हरीले बयान दे रहे हैं।”
राहुल गांधी और जयराम रमेश के सवाल
22 और 23 मई को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से तीखे सवाल किए।
राहुल ने पूछा:
- आतंकवाद पर आपने पाकिस्तान की बात पर भरोसा क्यों किया?
- अमेरिका के सामने भारत के हितों की कुर्बानी क्यों दी गई?
- कोई भी देश पाकिस्तान की निंदा में भारत के साथ क्यों नहीं खड़ा हुआ?
वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी प्रधानमंत्री पर “खोखले फिल्मी डायलॉग” देने का आरोप लगाते हुए पूछा था कि “पहलगाम हमले के जिम्मेदार आतंकी अब तक खुले क्यों घूम रहे हैं?”
बीकानेर रैली में पीएम मोदी की टिप्पणी
22 मई को राजस्थान के बीकानेर में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था:
“पाकिस्तान भारत से सीधी लड़ाई नहीं जीत सकता, इसलिए आतंकवाद को हथियार बना रहा है। लेकिन अब भारत का सेवक मोदी खड़ा है, जिसकी नसों में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है।”

