भैरों सिंह शेखावत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि,मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले-‘अंत्योदय के विचार को जमीन पर उतारा’

Rajasthan

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत की 16वीं पुण्यतिथि पर जयपुर के विद्याधर नगर स्थित स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पण किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भैरों सिंह शेखावत का राजस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनके जीवन सार्वजनिक जीवन में काम करने वालों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि शेखावत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के विचार को राजस्थान में लागू किया, जिसे बाद में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति ने किसानों, मजदूरों और युवाओं के हित में कई फैसले लिए थे और उनके कार्यों को आज भी लोग याद करते हैं। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री निवास पर भी शेखावत के चित्र पर पुष्प अर्पण कर श्रद्धांजलि दी।

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भैरों सिंह शेखावत को राजस्थान की राजनीति का प्रेरणास्रोत बताए हुए कहा कि उनकी जनसेवा का दृष्टिकोण आज भी प्रासंगिक है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा और भाजपा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।