फलोदी,15 नवंबर। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मेरा युवा भारत द्वारा सरदार@150 समारोह के क्रम में यूनिटी मार्च जिला स्तरीय पदयात्रा का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से नगर परिषद तक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई ने की। सरदार पटेल को पुष्पांजलि देते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। स्थानीय बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।
उद्बोधन में फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जीवनी का परिचय देते हुए कहा कि पटेलजी ने एक भारत की संकल्पना साकार की। कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर भारत शपथ एवं नशामुक्ति प्रतिज्ञा दिलवाई ।
मेरा युवा भारत के उपनिदेशक राजेश चौधरी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और एकता की भावना को मजबूत करना है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है। इसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक, सभी मिलकर देश के इतिहास को याद करते हैं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हैं। खासकर अमृत पीढ़ी यानी आज के युवाओं की भूमिका पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पदयात्रा में विधायक पब्बाराम विश्नोई, जनप्रतिनिधि ज्योति ज्याणी ने हरीझंडी दिखाकर आगे बढ़ाया । पदयात्रा विद्यालय से नगर परिषद तत्पश्चात पुनः विद्यालय पर आकर संपन्न हुई। सरदार पटेल के नारों की जयकार से शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में विकास अधिकारी ललित कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी सोहनलाल विश्नोई, प्रधानाचार्य मनमोहन पुरोहित, कार्यक्रम संयोजक सुनील व्यास सहित सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन व्याख्याता नंदकिशोर व्यास ने किया।

