कोलकाता के ईडन गार्डन्स में चल रहे भारत–दक्षिण अफ्रीका टेस्ट मैच के दूसरे दिन मेजबान टीम भारत दबाव में दिखाई दी। खराब रोशनी के चलते शनिवार को खेल समय से पहले रोकना पड़ा और दिन में केवल 77 ओवर ही फेंके जा सके। निर्धारित ओवरों से 13 ओवर कम डाले गए।
दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 93 रन बनाए और 7 विकेट खो दिए। टीम 63 रन की बढ़त हासिल कर चुकी है। कप्तान टेम्बा बावुमा 29 रन पर और कॉर्बिन बॉश 1 रन पर नाबाद लौटे।
भारत की ओर से रवींद्र जडेजा सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने 4 विकेट हासिल किए और इसी के साथ उन्होंने भारत में अपने 250 टेस्ट विकेट पूरे किए। कुलदीप यादव ने 2 जबकि अक्षर पटेल ने 1 विकेट लिया।
इससे पहले भारत ने पहली पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल गर्दन में खिंचाव के कारण पहली ही सत्र में रिटायर्ड हर्ट हो गए और बाद में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। केएल राहुल ने सर्वाधिक 39 रन जोड़े। दक्षिण अफ्रीका के साइमन हार्मर ने 4 विकेट, मार्को यानसन ने 3 विकेट और केशव महाराज व कॉर्बिन बॉश ने एक-एक विकेट लिया।
दक्षिण अफ्रीकी टीम इससे पहले अपनी पहली पारी में 159 रन पर सिमट गई थी।
प्लेइंग इलेवन
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह।
दक्षिण अफ्रीका: ऐडन मार्करम, टोनी डी जॉर्जी, रायन रिकेल्टन, टेम्बा बावुमा (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरिने (विकेटकीपर), वियान मुल्डर, साइमन हार्मर, केशव महाराज, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश।

