प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांसवाड़ा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राजस्थान को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात दी। उन्होंने जोधपुर–दिल्ली कैंट और बीकानेर–दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के साथ उदयपुर सिटी–चंडीगढ़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जोधपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहे। शेखावत ने कहा, “अब जनता वंदे भारत को मोदी जी की ट्रेन कहने लगी है। यह जनता का भरोसा और स्नेह ही मोदी की गारंटी है।” उन्होंने बताया कि जोधपुर से दिल्ली के बीच शुरू हुई यह सेवा यात्रियों को तेज़ और आरामदायक यात्रा का अनुभव देगी और पर्यटन के लिहाज से भी अहम साबित होगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बीते 11 वर्षों में जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े बदलाव हुए हैं। जोधपुर और जैसलमेर स्टेशनों का रीडेवलपमेंट कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। साथ ही, जोधपुर से पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और गांधीधाम तक नई रेल सेवाएं भी शुरू की गई हैं।
इस अवसर पर शेखावत और वैष्णव ने जोधपुर स्टेशन पर यात्रियों से मुलाकात की और ट्रेन का निरीक्षण किया। उन्होंने मिट्टी से बने कुल्हड़ में चाय का स्वाद लिया और रेलवे में कुल्हड़ के उपयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया।
शेखावत ने कहा कि वंदे भारत पूर्णतः स्वदेशी तकनीक से बनी ट्रेन है और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।

