बांसवाड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के ऊर्जावान नेतृत्व में राजस्थान स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि आज राजस्थान सौर ऊर्जा उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है और पीएम-कुसुम योजना के तहत राज्य के 22 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली मिलने लगी है। सीएम ने कहा कि जहां विकेंद्रीकृत सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित हो रहे हैं, वहां किसानों को आउट ऑफ टर्न कनेक्शन का रास्ता भी खुल गया है।
शर्मा ने जानकारी दी कि पीएम-सूर्य घर योजना के तहत प्रदेश में 74 हजार से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं और सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाने का बड़ा कार्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना का शिलान्यास आधुनिक भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बनेगा और इससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के साथ हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को राजस्थान को मिली 1.08 लाख करोड़ रुपये की सौगात के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जीएसटी में कमी से घरों के बजट पर बोझ कम हुआ है और दीपावली से पहले ही हर घर में खुशहाली आई है।
दक्षिणी राजस्थान के विकास पर बोलते हुए शर्मा ने कहा कि बेणेश्वर धाम, मानगढ़ धाम, सीता माता मंदिर और माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर को जोड़ते हुए नया धार्मिक सर्किट बनाया जा रहा है। साथ ही, महाराणा प्रताप टूरिज्म सर्किट पर भी काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 91 हजार सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और 1.54 लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है।
सीएम ने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट से मिले 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 3 लाख करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत हो चुकी है और 4 लाख करोड़ के अन्य प्रोजेक्ट जल्द जमीन पर उतरने को तैयार हैं, जिससे निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

