नीदरलैंड में पीएम मोदी बोले:‘दुनिया आपदाओं के दौर से गुजर रही,भारत-नीदरलैंड मिलकर बना रहे भरोसेमंद सप्लाई चेन’

Front-Page International

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया इस समय “आपदाओं के दशक” से गुजर रही है, जहां कोरोना महामारी, युद्ध और ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों ने वैश्विक व्यवस्था को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि भारत और नीदरलैंड मिलकर एक “भरोसेमंद, पारदर्शी और भविष्य के लिए तैयार सप्लाई चेन” बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

अपने पांच देशों के दौरे के दौरान हेग पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यदि मौजूदा वैश्विक संकटों का समाधान जल्दी नहीं निकला, तो पिछले कई दशकों की विकास उपलब्धियां प्रभावित हो सकती हैं और बड़ी आबादी गरीबी की ओर जा सकती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया अब “रेजिलिएंट सप्लाई चेन” की बात कर रही है और इसी दिशा में भारत और नीदरलैंड साझेदारी को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने भारत को “तकनीक और मानवता दोनों से प्रेरित देश” बताते हुए कहा कि 21वीं सदी का भारत अवसरों की भूमि बन रहा है।

भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नीदरलैंड में भारतीयों का उत्साह देखकर उन्हें ऐसा लगा जैसे “भारत में कोई उत्सव चल रहा हो।” उन्होंने प्रवासी भारतीयों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय समुदाय ने डच समाज और अर्थव्यवस्था में अहम योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि विदेशों में बसे भारतीय परिवारों की कहानियां सिर्फ प्रवास की नहीं, बल्कि संघर्ष और प्रगति की कहानियां हैं। प्रधानमंत्री ने भारतीय भाषाओं, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को संरक्षित रखने के लिए प्रवासी समुदाय की तारीफ भी की।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने 16 मई 2014 को हुए लोकसभा चुनाव परिणामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस दिन भारत में दशकों बाद एक स्थिर और पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने का रास्ता साफ हुआ था। उन्होंने कहा कि करोड़ों भारतीयों का विश्वास ही उन्हें लगातार काम करने की प्रेरणा देता है।

प्रधानमंत्री ने भारतीय लोकतंत्र और बढ़ते मतदान प्रतिशत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों में कई राज्यों में 80 से 90 प्रतिशत तक मतदान हुआ और महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। उनके मुताबिक भारत “लोकतांत्रिक भागीदारी को सबसे बड़ा सम्मान देने वाला देश” है।

प्रधानमंत्री मोदी 15 से 20 मई तक पांच देशों के दौरे पर हैं। संयुक्त अरब अमीरात के बाद वह नीदरलैंड पहुंचे हैं। इसके बाद वे स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा करेंगे, जहां व्यापार, हरित ऊर्जा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग पर बातचीत होगी।