जोधपुर/जयपुर, 3 अक्टूबर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को उनके 58वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा कि शेखावत भारत को पर्यटन का केंद्र बनाने और भारतीय संस्कृति को लोकप्रिय बनाने के लिए व्यापक प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
शेखावत को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और राजनेताओं ने भी शुभकामना संदेश भेजे।
राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में लिखा, “भारत की पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने में शेखावत जी के प्रयास सराहनीय हैं। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र सेवा में निरंतर सफलता प्रदान करें।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शेखावत के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार संस्कृति और पर्यटन को और अधिक समृद्ध करने की दिशा में कार्यरत है।
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें “लोकप्रिय राजनेता और कुशल वक्ता” बताते हुए बधाई दी और कहा कि सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन विकास को लेकर उनके प्रयास प्रेरणादायी हैं।

