राजस्थान के अलवर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार, आरोपी एएसआई शंकर लाल शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने एक आपराधिक मामले में शिकायतकर्ता के बेटे का नाम हटाने, मारपीट नहीं करने और मदद करने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। ब्यूरो का कहना है कि शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये लेने और शेष राशि की मांग करने की पुष्टि हुई।
इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
एसीबी ने लोगों से भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें उसकी हेल्पलाइन पर दर्ज कराने की अपील भी की है।

