बिहार में सियासी बदलाव:सम्राट चौधरी होंगे नए मुख्यमंत्री,नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा

Breaking-News Front-Page National

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है, जहां नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और अब सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया है, जबकि NDA की बैठक के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, नए मुख्यमंत्री का शपथग्रहण समारोह 15 अप्रैल को लोकभवन में आयोजित होगा। यह भी माना जा रहा है कि बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।

इस्तीफे से पहले नीतीश कुमार ने राज्यपाल सैयद अता हसनैन को राजभवन पहुंचकर अपना त्यागपत्र सौंपा। इस दौरान उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय चौधरी भी मौजूद रहे।

इस्तीफे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अब नई सरकार राज्य का काम संभालेगी और उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार आगे भी प्रगति करेगा।

दिनभर चले घटनाक्रम में सुबह जदयू के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री आवास पर बैठक की, इसके बाद कैबिनेट की अंतिम बैठक हुई जिसमें मुख्यमंत्री के धन्यवाद प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। दोपहर में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और इसके कुछ देर बाद नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया।

इस्तीफे के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें शाम करीब 4 बजे सम्राट चौधरी को नेता चुना गया।

अपने कार्यकाल को लेकर नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से अब तक उन्होंने राज्य के लिए अपनी पूरी क्षमता से काम किया और आगे भी नई सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे।