राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की पत्नी प्रीति कुमारी का गुरुवार सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें नींद में ही साइलेंट हार्ट अटैक आया था।
परिवार के अनुसार, प्रीति कुमारी बुधवार रात भोजन के बाद सोने गई थीं। सुबह देर तक न उठने पर परिजनों ने जब उन्हें जगाने की कोशिश की तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्हें जयपुर के दुर्लभजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों की टीम सुबह मंत्री के आवास पर भी पहुंची थी और प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
1982 में हुई थी शादी
गजेंद्र सिंह खींवसर और प्रीति कुमारी की शादी फरवरी 1982 में हुई थी। उनके पुत्र धनंजय सिंह खींवसर जोधपुर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा उनकी एक पुत्री भी हैं।
परिवार और राजनीतिक हलकों में इस दुखद घटना से शोक की लहर है। मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने संवेदना प्रकट की है।

