खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार;डॉ. नीरज के. पवन ने जयपुर में खेल परिसरों का किया निरीक्षण

Jaipur Rajasthan Sports

जयपुर, 21 नवंबर — खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव और राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. नीरज के. पवन ने शुक्रवार को जयपुर के विभिन्न खेल मैदानों और स्टेडियमों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कार्य 22 नवंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने इण्डोर स्टेडियम में वुडन फ्लोर की घिसाई, एथलेटिक्स ट्रैक की मरम्मत, बैडमिंटन हॉल में कोर्ट तैयारियां, सीटिंग अरेंजमेंट और लाइटिंग जैसे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि साइक्लिंग वेलोड्रम पूरी तरह तैयार हो चुका है।

डॉ. पवन ने कहा कि जयपुर सहित अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर और कोटा में होने वाली प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा जिला प्रशासन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जा चुकी है, और सभी जिलों से व्यवस्थाओं पर विस्तृत फीडबैक प्राप्त हुआ है।