जोधपुर के कडुम्बा नाडा (बड़ला नगर) स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भामाशाह द्वारा निर्मित प्रवेश द्वार का लोकार्पण शुक्रवार को संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने किया। समारोह में मंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि किसानों को आर्थिक मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त सीधे बैंक खातों में जमा कर दी गई है। युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक की घटना नहीं हुई और अब तक लगभग 92 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य है कि 5 वर्षों में 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी।
शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए पटेल ने भामाशाह गौड़ परिवार द्वारा निर्मित प्रवेश द्वार की सराहना की और कहा कि यह न केवल विद्यालय की पहचान को मजबूत करेगा बल्कि विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास भी बढ़ाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि झंवर में महाविद्यालय खोलने से ग्रामीण युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।
मंत्री पटेल ने कहा कि सरकार लूणी क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

