एलपीजी संकट को लेकर अलवर में विरोध,कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका

Jaipur Rajasthan

अलवर/जयपुर: राजस्थान के अलवर जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की कथित कमी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराज़गी जताई।

यह प्रदर्शन बानसूर और उमरैण में आयोजित किया गया, जिसमें राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी कर रही हैं और गैस की आपूर्ति व्यवस्था सही तरीके से नहीं संभाल पा रही हैं।

जूली ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति में कमी के कारण मध्यम और गरीब वर्ग के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से गैस के दाम कम करने और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग की।

उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें हालात सामान्य होने की बात कही गई थी। जूली ने कहा कि अगर स्थिति सामान्य है तो लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी करते हुए केंद्र सरकार पर आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम के बाद जूली ने लोक देवता महाराजा भर्तृहरि के धाम पर दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की और बाद में जयपुर स्थित कार्यालय में जनसुनवाई कर आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं।