राहुल गांधी का कोटा दौरा ‘राजनीतिक ड्रामा’,CJP का भी वही हश्र होगा:सुनील बंसल

Kota Rajasthan

राजस्थान के कोटा दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और जांच जारी है, ऐसे में राहुल गांधी का कोटा आना केवल “राजनीतिक ड्रामा” है।

पत्रकारों से बातचीत में बंसल ने कहा कि कुछ ही दिनों में छात्रों की परीक्षा है, ऐसे समय में छात्रों से संवाद के नाम पर राजनीति करना समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का दौरा छात्रों की समस्याओं के समाधान से ज्यादा राजनीतिक संदेश देने का प्रयास है।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर टिप्पणी करते हुए बंसल ने कहा कि देश में इस तरह के कई राजनीतिक प्रयोग पहले भी हो चुके हैं और उनका परिणाम सभी ने देखा है। उन्होंने कहा कि CJP का भी वही हश्र होगा जो ऐसे अन्य प्रयोगों का हुआ।

पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए बंसल ने दावा किया कि वहां की जनता लंबे समय से भ्रष्टाचार और कथित गुंडाराज से परेशान थी और बदलाव की इच्छा के चलते भाजपा को समर्थन मिला। उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सांसद भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं, बल्कि उन्होंने अलग राजनीतिक व्यवस्था के तहत एनडीए को समर्थन दिया है।

बंसल ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए इसे “विश्वास, विकास और जनकल्याण” का काल बताया। कोटा दौरे के दौरान उनका स्वागत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया। बाद में उन्होंने एक कोचिंग संस्थान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में भी भाग लिया।