राजस्थान में 44 हज़ार करोड़ की रेल परियोजनाएं प्रगति पर:रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

Front-Page Jodhpur National Rajasthan


जोधपुर रेलवे स्टेशन का हो रहा विश्वस्तरीय पुनर्विकास, ट्रेनों की एयरक्राफ्ट जैसी सफाई होगी

जोधपुर:-रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को जोधपुर दौरे के दौरान कहा कि राजस्थान में 44 हज़ार करोड़ रुपये की लागत से रेल परियोजनाएं तेज़ी से प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार राज्य में रेलवे के बुनियादी ढांचे के विस्तार और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए संकल्पबद्ध है।

रेल मंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप रेलवे गरीबों और मध्यम वर्ग को सस्ती और सुरक्षित रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राजस्थान को रेल विकास के लिए 10 हज़ार करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।

राजस्थान में चल रही प्रमुख रेल परियोजनाएं

  • 3,784 किलोमीटर नई रेल लाइन और विद्युतीकरण पूरा
  • 1,510 फ्लाईओवर और अंडरपास निर्माण
  • पुष्कर-मेड़ता, रामगंज मंडी-भोपाल, नीमच-बड़ी सादड़ी, और रास-मेड़ता नई रेल लाइन
  • लूनी-समदड़ी-भीलड़ी और अजमेर-चित्तौड़ जैसे मार्गों का दोहरीकरण
  • गेज परिवर्तन और बेहतर कनेक्टिविटी के कई प्रोजेक्ट्स

ट्रेनों में एयरक्राफ्ट जैसी सफाई, 750 क्लीन ट्रेन स्टेशन

रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे ने स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ा नवाचार किया है। अब देश के 750 स्टेशनों पर ट्रेनों की सफाई एयरक्राफ्ट की तर्ज पर की जाएगी। अभी 350 स्टेशन पर यह सुविधा उपलब्ध है।

जोधपुर रेलवे स्टेशन बनेगा विश्वस्तरीय हब

जोधपुर रेलवे स्टेशन का 474 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। रेल मंत्री ने स्टेशन के निरीक्षण के दौरान कहा कि इसका विकास स्थानीय कला, संस्कृति और विरासत को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। स्टेशन पर एयर कोंकोर्स, रूफ प्लाजा, द्वितीय प्रवेश द्वार और एलिवेटेड रोड जैसी सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।

जोधपुर से नई ट्रेनों की संभावनाएं

रेल मंत्री ने बताया कि जोधपुर से लंबी दूरी की ट्रेनों और वंदे भारत ट्रेनों के संचालन की योजना पर काम चल रहा है। जोधपुर से सिकंदराबाद सहित कई शहरों के लिए सीधी ट्रेन सेवाओं के प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है।

भगत की कोठी कार्गो टर्मिनल से मिलेगा औद्योगिक लाभ

जोधपुर के भगत की कोठी स्टेशन पर विकसित हो रहे नए कार्गो टर्मिनल से स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे उत्पादों के निर्यात में वृद्धि और ट्रांसपोर्ट सुविधा में सुधार होगा।

रेल मंत्री ने बताया कि कोविड के बाद 12 हज़ार जनरल कोच जोड़े गए हैं और गर्मियों में यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

इस मौके पर उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारी और जोधपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।