भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 15 दिन बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है। यह कार्रवाई बुधवार देर रात डेढ़ बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई। हमले बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद में किए गए।
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, ये वे ठिकाने थे जहां से भारत में आतंकी हमलों की साजिशें रची जा रही थीं। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद के चार, लश्कर-ए-तैयबा के तीन और हिज्बुल मुजाहिदीन के दो ठिकानों को निशाना बनाया गया।
भारतीय सेना और वायुसेना का संयुक्त ऑपरेशन
सूत्रों का कहना है कि यह एक संयुक्त सैन्य अभियान था जिसमें भारतीय सेना और वायुसेना ने मिलकर टारगेट को सटीक हथियारों से निशाना बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पूरे अभियान की रातभर निगरानी करते रहे।
भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि हमलों में किसी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया, केवल आतंकी अड्डों पर ही कार्रवाई हुई है।
पाकिस्तान की ओर से विरोधाभासी प्रतिक्रियाएं
पाकिस्तानी मीडिया और सरकार की ओर से हमले को लेकर कई परस्पर विरोधी बयान सामने आए हैं।
- रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि भारत ने अपनी सीमा से मिसाइलें दागीं जो पाकिस्तान के नागरिक इलाकों पर गिरीं।
- वहीं कुछ पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स ने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना ने पांच भारतीय फाइटर जेट्स मार गिराए हैं और मस्जिदों को निशाना बनाया गया है।
- ISPR के डायरेक्टर जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने बताया कि भारत ने छह अलग-अलग इलाकों में 24 मिसाइलें दागीं। उनके अनुसार, इन हमलों में आठ नागरिक मारे गए हैं और 35 घायल हुए हैं, जबकि दो लोग लापता हैं।
अमेरिका की प्रतिक्रिया
इस घटनाक्रम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है। मुझे लगता है लोगों को अंदेशा था कि कुछ बड़ा होने वाला है। ये देश लंबे समय से संघर्ष में उलझे हैं। मुझे उम्मीद है कि हालात जल्द ही सुधरेंगे।”
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हुई थी, जिनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल था। आतंकियों ने पर्यटकों की धार्मिक पहचान पूछकर उन्हें गोली मारी थी। हमले की जिम्मेदारी पहले ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली थी, लेकिन बाद में इससे पल्ला झाड़ लिया था।

