राजस्थान ANTF की बड़ी कार्रवाई,एक लाख रुपये का इनामी तस्कर मध्य प्रदेश से गिरफ्तार

Jaipur Rajasthan

राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक लाख रुपये के इनामी आरोपी विश्नाराम को मध्य प्रदेश के मंदसौर से गिरफ्तार किया है।

ANTF के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि लंबे समय से फरार चल रहे विश्नाराम को ‘ऑपरेशन मदैतेश’ के तहत पकड़ा गया। आरोपी करीब दो साल से फरार था और राजस्थान छोड़कर मध्य प्रदेश में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

ANTF IG विकास कुमार के मुताबिक, आरोपी पर राजस्थान के अलग-अलग थानों में डेढ़ दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें NDPS एक्ट के अलावा मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप भी शामिल हैं।

पहचान और ठिकाना बदलकर रह रहा था आरोपी

ANTF के मुताबिक, राजस्थान में लगातार दबिश के बाद आरोपी को यहां रहना मुश्किल लगने लगा था। इसके बाद उसने मध्य प्रदेश को सुरक्षित ठिकाना समझा और वहां पहुंचकर फर्नीचर का काम शुरू कर दिया। वह स्थानीय लोगों से अपनी आपराधिक पहचान छिपाकर सामान्य कारोबारी की तरह रह रहा था।

ANTF टीम को जब आरोपी के मध्य प्रदेश में छिपे होने और फर्नीचर का काम करने की जानकारी मिली, तो टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से पता चला कि विश्नाराम ने जोधपुर से फर्नीचर के कारीगर भी बुलाए हैं। टीम ने इन कारीगरों की गतिविधियों को ट्रैक किया और आखिरकार मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के उमरिया गांव तक पहुंची।

दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था आरोपी

ANTF टीम जब आरोपी के ठिकाने पर पहुंची, तब विश्नाराम अपने तस्कर दोस्त के चाचा के घर पर दोस्तों और कारीगरों के साथ पार्टी कर रहा था। टीम ने मौके की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

ANTF IG विकास कुमार ने कार्रवाई में शामिल टीमों की भूमिका की सराहना की है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई में शामिल सभी टीमों को ANTF मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी अपराधी या अपराध से जुड़ी जानकारी ANTF के कंट्रोल रूम के नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सऐप नंबर 9261225056 पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।