जूली बोले परीक्षा माफिया के आगे बेबस केंद्र सरकार,राहुल करेंगे वसूली सिस्टम का पोस्टमार्टम,तबेला सरकार का होगा अंत

Rajasthan Rajasthan-Others

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र को घेरा, बोले – हत्यारी सरकार ने लाखों छात्रों के भविष्य से किया खिलवाड़

अलवर/जयपुर।NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र सरकार और NTA की कार्यप्रणाली पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने इसे ‘केंद्र की व्यवस्थागत विफलता’ करार देते हुए कहा कि व्यवस्थागत नीति ने देश के भविष्य को आत्महत्या करने पर मजबूर कर दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि पिछले महीने हुई NEET-UG परीक्षा का रद्द होना लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि “GPS-ट्रैकिंग, बायोमेट्रिक और CCTV के तमाम दावों के बाद भी पेपर लीक हो गया। यह साबित करता है कि केंद्र सरकार परीक्षा माफिया के आगे बेबस है।”

जूली ने सवाल उठाया कि जब 2024 में ‘सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम’ जैसा सख्त कानून बना दिया गया, तो फिर बार-बार पेपर लीक कैसे हो रहे हैं? कानून सिर्फ कागजों पर है, धरातल पर नकल माफिया का राज चल रहा है,जिसकी जिम्मेदारी सीधे केंद्र सरकार की है।

सुसाइड छात्रों का नहीं सिस्टम का फेलियर
जूली ने कहा कि NEET में राजस्थान प्रदेश के लाखों छात्र शामिल होते हैं।एजुकेशन हब कोटा सहित पूरे प्रदेश के बच्चे सालों कड़ी मेहनत करते हैं। “परीक्षा रद्द होने से छात्रों में तनाव और हताशा है। उन्होंने कहा कि केंद्र के सिस्टम फेलियर के चलते अलवर सहित 12 से ज्यादा विद्यार्थियों ने आत्महत्या तक कर ली। इसका जिम्मेदार कौन है? केंद्र सरकार को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि नीट स्टूडेंट्स की मौतें भ्रष्ट व्यवस्था की देन है।

जूली ने NTA को भंग करने की मांग की
नेता प्रतिपक्ष ने मांग कि NTA को तत्काल भंग कर परीक्षा व्यवस्था राज्यों को सौंपी जाए। उन्होंने कहा कि NEET अब मेरिट का नहीं, कोचिंग और पैसे का खेल बन गया है। गरीब और ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी इस व्यवस्था में पिस रहे हैं।

जूली ने CBI जांच पर भी उठाए सवाल
जूली ने कहा कि केंद्र ने मामला CBI को सौंप कर पल्ला झाड़ लिया है। “2024 के पेपर लीक की CBI जांच का क्या हुआ? आज तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। अब 2026 में फिर वही कहानी दोहराई गई। छात्रों को न्याय कब मिलेगा?
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी एजेंसियां तो केंद्र के इशारे पर नाचती हैं।
उन्होंने कहा कि कल यानी रविवार को नीट का री एग्जाम होना है ऐसे में क्या गारंटी है की परीक्षा माफिया इस बार भी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करेगा।

जूली बोले शिक्षा वसूली के पोस्टमार्टम के लिए राहुल का देश भर में आंदोलन
जूली ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूरे देश में छात्रों की आवाज उठाने के लिए निकले हैं।
उन्होंने कहा कि जिसकी शुरुआत राजस्थान के कोटा से हो चुकी है।
जूली बोले राहुल गांधी केंद्र सरकार की विफलताओं को उजागर करने के साथ ही देश के भविष्य के लिए एक मजबूत लड़ाई लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनका यह छात्र आंदोलन निश्चित तौर पर परीक्षा माफिया और वसूली सिस्टम का पोस्टमार्टम करने के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

तबेला सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह कट, केवल प्रचार तक सीमित
जूली ने कहा कि भाजपा की तबेला सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह कट चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल प्रचार तक सीमित रह गई है।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों और कॉलेजों की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हैं तथा शिक्षा का बढ़ता निजीकरण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा पर पर्याप्त निवेश नहीं कर रही है, जिसके कारण विद्यार्थियों को निजी संस्थानों और महंगी कोचिंग पर निर्भर होना पड़ रहा है।

प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत, विधायक मांगीलाल मीणा, अजीत यादव, पुष्पेंद्र धाबाई,संजय यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।