कोटा, 11 अक्टूबर — शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की पहल पर अब रामगंजमंडी के लोगों को आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। गौ सेवक संत श्री पदमाराम कुलरिया चेरिटेबल ट्रस्ट ने शनिवार को चेचट तहसील के देवली कला और खेडारूधा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान रामगंजमंडी के लिए एक अत्याधुनिक एम्बुलेंस भेंट की।
ट्रस्ट के धरमचंद कुलरिया ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद एम्बुलेंस की चाबी मंत्री मदन दिलावर को सौंपी। करीब 37 लाख रुपये की लागत से तैयार यह एम्बुलेंस आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है, जो गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार मुहैया कराने में मदद करेगी।
इस मौके पर मंत्री दिलावर ने घोषणा की कि श्री पदमाराम कुलरिया चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 2 करोड़ रुपये की लागत से एक विद्यालय भवन का निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में बड़ा परिवर्तन लाएगी।

