भाजपा के घोषणा पत्र में शिक्षा विभाग को लेकर किया वादा निकला झूठा,नेता प्रतिपक्ष जूली ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

Jaipur Politics Rajasthan

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर भाजपा सरकार पर शिक्षा विभाग की रिक्तियों को समय पर भरने में गंभीर विफलता का आरोप लगाया है। उन्होंने पत्र में भाजपा द्वारा 2023 विधानसभा चुनाव घोषणा पत्र के पेज संख्या 33 पर किए गए वादे का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने एक वर्ष में शिक्षा विभाग की सभी रिक्तियों को भरने का वादा किया था, किंतु लगभग दो वर्षों के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ है।

जूली ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 30 सितंबर 2025 तक शिक्षा विभाग के लगभग डेढ़ लाख पद रिक्त हैं जिसमें प्राथमिक शिक्षा के लगभग पच्चीस से तीस हजार पद एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में 1लाख23 हजार 700 पद खाली हैं, जिससे प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भारी कमी के चलते सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का स्तर गिर रहा है और योग्य बेरोजगार अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। इन रिक्त पदों पर भर्ती कब होगी?

उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस सरकार के समय स्कूली शिक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुए थे। तब महात्मा गांधी सरकारी अंग्रेजी मीडियम स्कूल जैसा नायाब प्रयोग हुआ। कांग्रेस सरकार के समय राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) 2021 के अनुसार, राजस्थान के विद्यार्थियों ने अधिकांश कक्षाओं में राष्ट्रीय औसत से अधिक अंक प्राप्त किए थे एवं सरकारी स्कूलों का छात्र-शिक्षक अनुपात (PTR) राष्ट्रीय औसत से बेहतर था।

जूली ने मुख्यमंत्री से पूछा है कि वे प्रदेश की जनता को बताएं कि शिक्षा विभाग की रिक्तियों को भरने और चुनावी वादे को पूरा करने की ठोस कार्रवाई कब तक होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा में निवेश ही प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और इस पर अब और विलंब अस्वीकार्य है।