लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को कोटा शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्वच्छता, यातायात और सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर कई जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोटा को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना हमारा संकल्प है।
निरीक्षण के दौरान बिरला ने सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने पर विशेष ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर चौड़ा किया जाए, फुटपाथों को दोबारा विकसित किया जाए और ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर सफाई व कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रीनाथपुरम चौराहे के पास एक व्यवस्थित वेंडिंग ज़ोन और चौपाटी विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
दुर्घटनामुक्त कोटा की दिशा में कदम
बिरला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में उन स्थानों की पहचान की जाए जहां बार-बार सड़क हादसे होते हैं और वहां सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर युवाओं में जनजागरूकता जरूरी है, क्योंकि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में 18 से 35 वर्ष के युवा जान गंवाते हैं।
नियोजित विकास के लिए शहर को तीन ज़ोन में बांटा जाएगा
लोकसभा अध्यक्ष ने जानकारी दी कि कोटा को एजुकेशन ज़ोन, स्पोर्ट्स ज़ोन और एयरो सिटी के रूप में तीन हिस्सों में विकसित किया जाएगा। इन क्षेत्रों में आवास, पेयजल, बिजली और सीवरेज जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएंगी। पुराने नालों के जलप्रवाह का सर्वे भी कराया जाएगा ताकि जलभराव की समस्या से निपटा जा सके।
पर्यटन और संस्कृति को भी मिलेगा बढ़ावा
ओम बिरला ने बताया कि कोटा में संविधान पार्क और वैदिक संस्कृति पर आधारित वैदिक पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा पुराने खेल मैदानों के पुनरुद्धार और नए खेल स्थलों के निर्माण की योजना भी बनाई जाएगी।
बिरला इन दिनों अपने पांच दिवसीय प्रवास के तहत कोटा क्षेत्र में हैं और आज दोपहर वे इटावा-खातौली क्षेत्र में 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ

