गांवों में पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा,मंत्री जोगाराम पटेल बोले-निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर,10 जून। संसदीय कार्य,विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र लूणी के विभिन्न गांवों का सघन दौरा कर आमजन से सीधा संवाद किया और क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने पाल, डोली, सालावास, लूणी और सरेचा गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की पेयजल आपूर्ति का फीडबैक लिया।
पटेल ने कहा क्षेत्र में समुचित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा भीषण गर्मी के मौसम में आमजन को पानी की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा टेल एंड के गांवों तक आवश्यकता अनुरूप जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
संबंधित अधिकारी पेयजल व्यवस्था की कर रहे नियमित मॉनिटरिंग
विधि मंत्री ने कहा कि दूरस्थ गांवों एवं ढाणियों तक नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है।उन्होंने कहा संबंधित अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर टैंकर संचालन एवं जल वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे है। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों को व्हॉट्सअप ग्रुप के माध्यम से टैंकर की सूचना, फोटो और वीडियो भेजी जाती है, जिससे टैंकर संचालन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो रही है।
वर्तमान समय में परम्परागत जल स्रोतों का संरक्षण जरूरी
पटेल ने कहा पानी की चोरी और अवैध पेयजल कनेक्शन काटे गए हैं और उन लोगों पर कड़ी कार्यवाही भी गई है। उन्होंने कहा वर्तमान समय में परम्परागत जल स्रोतों का संरक्षण जरूरी है। उन्होंने कहा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान और मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के माध्यम से नवीन जल संरचनाओं का निर्माण और परम्परागत जल स्रोतों का पुनरुद्धार भी किया जा रहा है।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान छोटू सिंह राठौड़, रावतराम बींजारिया, खींवराज जांगिड सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।