जयपुर में शहीद स्मारक पर आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल का धरना जारी,सचिवालय घेराव की चेतावनी

Jaipur Rajasthan

राजस्थान में पुलिस उप निरीक्षक (SI) भर्ती रद्द करने समेत बेरोजगार युवाओं की अन्य मांगों को लेकर आरएलपी सुप्रीमो और नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में जयपुर के शहीद स्मारक पर धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। बेनीवाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई तो सचिवालय का घेराव किया जाएगा।

बेनीवाल ने आरोप दोहराते हुए कहा कि SI भर्ती घोटाले में दो अभ्यर्थियों ने खुद स्वीकार किया है कि उन्होंने सरकार के मंत्री केके बिश्नोई को पैसे देकर डमी कैंडिडेट्स से परीक्षा दिलवाई थी। उन्होंने कहा कि बीते 20 वर्षों में बेरोजगारों के भविष्य के साथ सत्ता के संरक्षण में भारी खिलवाड़ हुआ है और अब युवाओं के हक के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

पूर्व आरपीएससी अध्यक्ष संजय श्रोत्रिय पर भी बेनीवाल ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि श्रोत्रिय के भ्रष्टाचार के चलते आयोग के कार्मिकों ने उनके सेवानिवृत्ति समारोह का बहिष्कार किया था, जो आयोग के इतिहास में पहली बार हुआ।

बेनीवाल ने एक बड़े कोचिंग संस्थान ‘स्प्रिंग बोर्ड’ की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात आईजी गौरव श्रीवास्तव पर अवैध शराब और बजरी के व्यापार में लिप्त होने का आरोप भी लगाया।

धरने को माली-सैनी समाज का भी समर्थन मिला। कटेवा नगर प्रकरण को लेकर समाज के प्रतिनिधियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर सांसद बेनीवाल से मुलाकात की और न्याय की मांग की। बेनीवाल ने जयपुर पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात कर उचित कार्रवाई की मांग करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।