राज्यसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान हंगामा,जेपी नड्डा ने खड़गे से मांगी माफी

Front-Page National Politics

राज्यसभा में मंगलवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर हुई चर्चा के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सवालों पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की तीखी प्रतिक्रिया के बाद सदन में हंगामा हो गया। विवाद बढ़ने पर नड्डा को खड़गे से माफी मांगनी पड़ी और उनका बयान सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया।

चर्चा की शुरुआत कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने की। उन्होंने पहलगाम हमले पर सवाल उठाते हुए कहा, “जो इसके लिए जिम्मेदार है, वह अपनी कुर्सी छोड़े, और अगर कोई जिम्मेदार नहीं है, तो प्रधानमंत्री खुद सदन में जवाब दें।”

इस पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं खड़गे जी की तकलीफ समझ सकता हूं, उन्हें 11 साल से वहीं बैठाए रखा गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर टिप्पणी की है जो दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। लेकिन आप पार्टी से इतने जुड़ गए हैं कि देश गौण हो गया है, और आप मानसिक संतुलन खोकर बातें कर रहे हैं।”

नड्डा की इस टिप्पणी पर विपक्ष ने कड़ा विरोध जताया और सदन में शोर-शराबा शुरू हो गया। खड़गे ने नाराजगी जताते हुए कहा, “मुझे मानसिक असंतुलन वाला कहा गया है, मैं यह नहीं छोड़ूंगा।”

बढ़ते विवाद को देखते हुए जेपी नड्डा ने कहा, “अगर मेरी बात से आपकी भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो मैं माफी मांगता हूं।” इसके बाद नड्डा का बयान सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया।

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि सुरक्षा बलों ने पहलगाम में 26 लोगों की हत्या करने वाले द रेजिस्टेंस फ्रंट के तीन आतंकियों को मार गिराया है। उन्होंने कहा, “भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी हद तक जा सकता है और हमारी सेनाओं की भूमिका पर हमें गर्व है।”