राजस्थान:पाकिस्तानी तस्करी नेटवर्क से जुड़े इनामी आरोपी सहदेव गिरफ्तार,ANTF की बड़ी कार्रवाई

Jodhpur Rajasthan

राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए इनामी आरोपी सहदेव को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सहदेव पुत्र हरिराम, निवासी रुड़कली डांगियावास, जोधपुर के रूप में हुई है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

ANTF के अनुसार, सहदेव लंबे समय से फरार था और लगातार अपनी पहचान बदलकर राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में छिपता फिर रहा था। वह मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को सक्रिय रूप से संचालित कर रहा था।

ANTF को सूचना मिली थी कि आरोपी जोधपुर क्षेत्र में इलाज के लिए आने वाला है। इसके बाद टीम ने निगरानी बढ़ाई और CCTV फुटेज व तकनीकी इनपुट के आधार पर उसे जोधपुर के पास मोगड़ा गांव से दबोच लिया गया

ANTF के IG विकास कुमार ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर था और फर्जी पहचान के जरिए पुलिस से बचता रहा। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह तस्करी से जुड़े मामलों में पहले भी कई बार संदेह के घेरे में आया, लेकिन पहचान छिपाने में सफल रहा।

ANTF का कहना है कि इस गिरफ्तारी से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे की जांच जारी है।