बिहार के नवादा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान एक हादसा हो गया। यात्रा के दौरान उनकी गाड़ी के नीचे सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी आ गया। मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत खींचकर उसे बाहर निकाला। राहुल गांधी ने भी रुककर घायल जवान का हालचाल लिया।
यह यात्रा वोटर लिस्ट रिवीजन (SIR) के विरोध में निकाली जा रही है। तीसरे दिन राहुल गांधी गया से नवादा पहुंचे। यहां सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में “साझेदारी” है और दोनों मिलकर “वोट चोरी” कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और चुनाव आयोग पर मतदाताओं के अधिकार छीनने का आरोप लगाया।
महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव ने भी मंच से जनता से अपील की कि आगामी लोकसभा चुनाव में महागठबंधन को जिताएं और राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाएं।
इस बीच, यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिसुआ थाने के पास ‘राहुल गांधी मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। राहुल गांधी ने गाड़ी रुकवाकर उन्हें थम्स-अप किया और मुस्कुराते हुए फ्लाइंग किस देकर आगे बढ़ गए।

