‘वृक्ष मित्र’ अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील,शिवराज सिंह चौहान ने हर साल एक पेड़ लगाने का दिया संदेश

Front-Page National

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए ‘वृक्ष मित्र’ अभियान को देशव्यापी जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है। देशभर के ‘वृक्ष मित्रों’ के साथ संवाद में उन्होंने कहा कि हर परिवार और समाज को प्रत्येक शुभ अवसर पर पेड़ लगाने की परंपरा अपनानी चाहिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण लोगों के दैनिक जीवन का हिस्सा बन सके।

शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पेड़ लगाने और पाँच नए लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘वृक्ष मित्र परिवार’ का राष्ट्रीय ढांचा तैयार किया जाएगा, जो गाँव से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को संगठित करेगा।

उन्होंने बताया कि हरियाली अमावस्या के अवसर पर देशभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही पंचायतों और नगर निकायों में पौधारोपण के लिए निर्धारित स्थान विकसित किए जाएंगे, ताकि लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल भी सुनिश्चित हो सके।

केंद्रीय मंत्री ने जल संरक्षण, मिट्टी की गुणवत्ता और संतुलित खेती को भविष्य की कृषि और किसानों की सुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिशन लाइफ’, ऊर्जा संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के संदेश को अपनाने की भी अपील की।

कार्यक्रम में पर्यावरणविदों ने भी जलवायु परिवर्तन पर वैज्ञानिक चेतावनियों का उल्लेख करते हुए व्यवहार में बदलाव और केवल पेड़ लगाने के बजाय उन्हें संरक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि पर्यावरण संरक्षण तभी प्रभावी होगा, जब पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल भी सामूहिक जिम्मेदारी बने।