बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का छठा दिन,राहुल गांधी ने लगाया चुनाव ‘चोरी’ का आरोप

Front-Page National

बिहार में कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शुक्रवार को छठे दिन पर पहुंची। राहुल गांधी का काफिला मुंगेर के जमालपुर पहुंचा, जहां उनके साथ प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव तथा वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी भी मौजूद रहे।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने मुंगेर में खानकाह रहमानी के मौलाना से मुलाकात की। इसके बाद दोनों नेताओं ने शहर में रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस और राजद कार्यकर्ता शामिल हुए। कई कार्यकर्ता ‘सरकार वोट चोर है’ लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे।

यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हाल के वर्षों में चुनावों के नतीजों में गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने कहा, “कुछ सालों से चुनावों का माहौल अलग होता है और नतीजे कुछ और आते हैं। हमें पूरा यकीन है कि पिछले लोकसभा चुनाव में धांधली हुई। महाराष्ट्र में सबूत मिला कि चुनाव आयोग और बीजेपी मिलकर चुनाव चोरी कर रहे हैं। बिहार में भी यही योजना है, लेकिन इस बार हम एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे।”

राहुल गांधी का काफिला मुंगेर के मुस्लिम और यादव बहुल इलाकों से गुजरते हुए सुल्तानगंज और अकबरनगर होते हुए भागलपुर की ओर बढ़ेगा, जहां वे 52 किलोमीटर लंबी यात्रा करेंगे। यह मुंगेर में राहुल गांधी की पहली यात्रा है, जिसके चलते लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।