सोमवार को संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर हुई चर्चा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि भारतीय सेना ने आतंकियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हें उनके घर में घुसकर मारा। उन्होंने कहा, “सेना ने हमारी माताओं-बहनों के सिंदूर का बदला लिया। यह सिंदूर की लाली, शौर्य की कहानी है।”
रक्षा मंत्री ने दावा किया कि इस ऑपरेशन में 100 से ज़्यादा आतंकी और उनके हैंडलर मारे गए और पूरी कार्रवाई सिर्फ़ 22 मिनट में पूरी की गई।
इससे पहले विपक्ष ने बिहार में वोटर वेरिफिकेशन से जुड़े स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर सदन में हंगामा किया, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा दोपहर 2:05 बजे शुरू हो सकी।

